बैतूल , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के ग्राम कढ़ाई स्थित गौशाला में कचरा डंपिंग को लेकर 14 अक्टूबर को आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों ने विरोध जताया। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एम.पी. तिवारी और अपर कलेक्टर वंदना जाट की मौजूदगी में ग्रामीणों ने ग्रामसभा की असहमति के बावजूद कचरा डाले जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कचरा तत्काल हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), जबलपुर हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी दी।
ग्रामीण महेश उइके ने आरोप लगाया कि जनसुनवाई के दौरान मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने लिखित दस्तावेज सौंपकर कहा कि मामला पर्यावरण के साथ ग्रामसभा और ग्राम पंचायत के वैधानिक अधिकारों की अनदेखी से भी जुड़ा है। उनका दावा है कि मौके पर एक हजार से अधिक डंपर कचरा जमा है, जबकि दस्तावेजों में इसकी मात्रा केवल एक टन दर्शाई गई और पुरानी शिकायतों को नस्तीबद्ध करने की सिफारिश की गई।
जनसुनवाई के बाद नाराज ग्रामीणों ने क्षेत्रीय अधिकारी एम.पी. तिवारी के वाहन को घेरकर नारेबाजी की। महेश उइके और राजा धुर्वे के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल भोपाल जाकर एनजीटी में मामला दर्ज कराने तथा इसी माह जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित