भीलवाड़ा , जुलाई 13 -- राजस्थान में शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रेगर ने भीलवाड़ा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शाहपुरा में चरागाह भूमि और गौशाला की जमीन पर अवैध कब्जे एवं आवंटन का आरोप लगाया है। श्री रेगर ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि शाहपुरा स्थित गौशाला की करीब 20 बीघा कीमती चरागाह भूमि को, जिसकी बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है, वहां के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर कूटरचित तरीके से अपने नाम कराने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में पटवारी, गिरदावर, तहसीलदार, उपखण्ड अधिकारी और बिजली विभाग के एईएन, जेईएन से लेकर सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार तक की मिलीभगत है।

कांग्रेस नेता ने बताया कि नियमों के विपरीत एक ही परिवार के तीन सदस्यों को शामिल करके सहकारिता के तहत पंजीयन कराने की कोशिश की गयी। इसके अलावा अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके बिजली कनेक्शन लेने और श्मशान घाट की जमीन को भी अपने पुत्र की कंपनी के नाम होटल एवं पेट्रोल पंप के लिए आवंटित कराने की प्रक्रिया शुरू करने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में मांग की गयी है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करके इसमें संलिप्त सभी दोषी प्रशासनिक और सरकारी अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया जाये। साथ ही चेतावनी दी गयी है कि शीघ्र ही इस पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई नहीं की गयी, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित