प्रतापगढ़ , जून 6 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गौशाला आवंटन में कथित अनियमितताओं के मामले में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) प्रदीप कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गौशाला आवंटन प्रक्रिया में मनमानी तथा नियमों के विपरीत कार्य किए जाने के आरोप प्रदीप कुमार सिंह पर लगे थे। मामले की जांच कराए जाने पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी थी। जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निलंबित कर दिया तथा उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
इस कार्रवाई के बाद पशुपालन विभाग में हलचल तेज हो गई है। विभागीय स्तर पर मामले से जुड़े दस्तावेजों और आवंटन प्रक्रिया की भी समीक्षा किए जाने की चर्चा है। शासन द्वारा विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित