सिरसा , जुलाई 27 -- हरियाणा के सिरसा में गौवंश को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर जिलेभर की गौशालाओं के प्रतिनिधियों सहित गौभक्तों ने सोमवार को जिला उपायुक्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यपाल असीम कुमार घोष, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।

गौशाला महासंघ सिरसा जिलाध्यक्ष योगेश बिश्नोई ने बताया कि भारतीय देशी गोवंश हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। जब तक गोमाता असुरक्षित है, तब तक हमारी सांस्कृतिक पूर्णता अधूरी है। गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान देकर भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के इस महायज्ञ की पूणार्हुति कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय गोवंश की स्थिति अत्यंत पीड़ादायक है। तस्करी, वध (हत्या) एवं सड़कों पर उनकी दुर्दशा देखकर प्रत्येक सनातनी भारतीय का हृदय विदीर्ण है।

इस मौके पर प्रेम कंदोई सचिव, हरपाल डबवाली ब्लॉक प्रधान, धर्मपाल बड़ागुढ़ा ब्लॉक प्रधान, रमेश रानियां ब्लॉक प्रधान, ओम सिहाग ऐलनाबाद ब्लॉक प्रधान, ओम नाथूसरी ब्लॉक प्रधान, ओम ज्याणी उपाध्यक्ष हरियाणा, अमीलाल जिला उपाध्यक्ष सहित जिलेभर की गौशाला के प्रधान व गौभक्त मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित