हल्द्वानी , जुलाई 17 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच होगी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दे दिए हैं।
गत 11 जुलाई को तीन पानी फ्लाईओवर पर रात को एक भीषण सड़क दुघर्टना हो गई थी। कथित रूप से विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने एक स्कूटी को रौंद दिया था जिसमें चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। अपर जिलाधिकारी विवेक राय को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
एडीएम श्री राय ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 तथा समय-समय पर जारी शासनादेशों के तहत इस दुर्घटना की मजिस्ट्रेटी जांच की जाएगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
उन्होंने दुर्घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले सभी संबद्ध, असंबद्ध अथवा अन्य लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी, मौखिक या लिखित बयान अथवा अन्य कोई साक्ष्य हो तो वे आगामी 07 दिनों के भीतर किसी भी कार्य दिवस में उनके कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे जांच को निष्पक्ष और तथ्यपरक ढंग से पूरा करने में सहायता मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित