भिण्ड , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड स्थित गौरी तालाब में पहुंच रहे गंदे पानी को रोकने के लिए नगर पालिका अब तालाब के आसपास नए सिरे से सर्वे करेगी। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में हुई सुनवाई के दौरान तालाब के आसपास निर्माणों के लिए तय 100 मीटर के दायरे को घटाकर 50 मीटर कर दिया गया है। नए सर्वे में 50 मीटर के दायरे में मौजूद मकानों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले सीवर तथा गंदे पानी की निकासी व्यवस्था की जानकारी जुटाई जाएगी।
एनजीटी के निर्देश पर नगर पालिका ने पहले गौरी तालाब के चारों ओर 100 मीटर के दायरे में सर्वे कराया था। इसमें करीब 786 मकान और प्रतिष्ठान चिन्हित किए गए थे। कई भवनों पर नगर पालिका की टीम ने निशान भी लगाए थे। इसके बाद आसपास के लोगों में तालाब के दायरे में आने वाले मकानों और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई या तोड़फोड़ की आशंका को लेकर चर्चा होने लगी थी। अब दायरा 50 मीटर किए जाने के बाद नए सर्वे से इस क्षेत्र में आने वाले निर्माणों की संख्या स्पष्ट होगी।
नए सर्वे में तालाब से भवनों की दूरी और उनकी स्थिति दर्ज करने के साथ घरेलू सीवर, नाली तथा अन्य गंदे पानी की निकासी व्यवस्था भी देखी जाएगी। यदि किसी भवन से निकलने वाला पानी सीधे या नाले के जरिए तालाब में पहुंचता मिला तो उसकी निकासी रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार तालाब में गंदा पानी पहुंचाने वाले नालों को भी चिन्हित किया जा रहा है। जिन नालों से प्रदूषित पानी सीधे तालाब में पहुंच रहा है, उन्हें बंद करने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य तालाब में सीधे पहुंच रहे गंदे पानी को रोकना है।
नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने बताया कि एनजीटी ने गौरी तालाब का पानी स्वच्छ रखने और उसमें पहुंच रहे गंदे पानी को रोकने के निर्देश दिए हैं। तालाब के आसपास निर्माण का दायरा अब 50 मीटर किया गया है। उन्होंने बताया कि नए सर्वे में निर्माणों के साथ उनसे निकलने वाले पानी की दिशा और निकासी व्यवस्था भी देखी जाएगी। एनजीटी के निर्देशों का अध्ययन करने के बाद आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
नए सर्वे के बाद ही यह सामने आएगा कि 50 मीटर के दायरे में कितने निर्माण आते हैं और उनके संबंध में क्या कार्रवाई की जानी है। फिलहाल नगर पालिका का फोकस तालाब में पहुंच रहे गंदे पानी के रास्तों को बंद करने पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित