उत्तरकाशी , मई 28 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी के भटवाड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरसाली में बुधवार देर रात एक आवासीय भवन में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों, फायर सर्विस तथा पुलिस के सहयोग से संयुक्त राहत एवं अग्निशमन अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी भटवाड़ी से एसडीआरएफ को ग्राम गौरसाली में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने तक ग्रामीण आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन आग तेजी से फैल रही थी। एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया तथा उसे आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

इस अग्निकांड में हालांकि गौरसाली ग्राम निवासी देवेंद्र सिंह रावत पुत्र तारा चंद्र रावत के आवासीय भवन को भारी नुकसान पहुंचा। आग की चपेट में आने से एक गाय और एक बछड़ा भी पूरी तरह जल गए। एसडीआरएफ की तत्परता और विभिन्न एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित