चंडीगढ़ , अगस्त 10 -- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को पलवल जिला सचिवालय के भूतल पर 'हर घर तिरंगा' अभियान और 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लगाई गई प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने 'सेल्फी प्वाइंट' पर सेल्फी लेकर नागरिकों से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए श्री गौतम ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है। 'हर घर तिरंगा' अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से नौ से 17 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को तिरंगे के महत्व, उसके गौरव और देश के लिए दिए गए बलिदानों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने आमजन से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और 'हर घर तिरंगा' अभियान एवं 'वंदे मातरम्' के इतिहास के बारे में जानकारी हासिल करने का आह्वान किया।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि 'वंदे मातरम्' भारत की राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति और गौरव का अमर गीत है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का अवसर है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को मजबूत किया। आज भी 'वंदे मातरम्' के स्वर नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित