भरतपुर , नवम्बर 02 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बहुचर्चित नासिर जुनैद हत्याकांड के आरोपी गौरक्षक रिंकू सैनी को करीब साढ़े तीन वर्ष बाद जमानत मंजूर हो जाने पर सोमवार को सुबह धौलपुर जिला कारागृह से रिहा कर दिया गया। रिंकू सैनी की अगवानी के लिए नासिर जुनैद हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौरक्षक मोनू मानेसर भी अपने साथियों के साथ जिला कारागृह पहुंचा। फरवरी 2023 में राजस्थान के भरतपुर जिले के घाटमिका गांव के दो चचेरे भाइयों नासिर और जुनैद के शव हरियाणा के भिवानी में एक जली हुई गाड़ी में मिले थे। इस अपहरण और हत्याकांड में मोनू मानेसर को मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल किया गया था। अगस्त 2023 में भी हरियाणा के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा से ठीक पहले सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में भी उसका नाम आया था।
हरियाणा पुलिस ने मोनू मानेसर को सितंबर 2023 में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद राजस्थान पुलिस ने उसे नासिर-जुनैद मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लिया था, लेकिन राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर पीठ ने सुनवाई में देरी का हवाला देते हुए बाद में उसकी इस मामले में बाद में जमानत मंजूर कर ली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित