रायपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले में गौधन की सुरक्षा, देखभाल और संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन करने और प्रमुख मार्गों पर पशुओं से जुड़ी दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित सहायता के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने को कहा है।

श्री शर्मा ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गौसेवकों और पशुपालकों की बैठक में गौधन संरक्षण से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने पशुपालन विभाग को गौधन की देखभाल और रखरखाव के लिए पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए क्रेन, जेसीबी सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने गुजरात में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से वहां की उपयोगी व्यवस्थाओं का अध्ययन कर कबीरधाम जिले में लागू करने की संभावनाओं पर काम करने को कहा। उन्होंने इच्छुक गौसेवकों और गौ रक्षकों को गुजरात भ्रमण कराने की बात भी कही।

श्री शर्मा ने पशु चिकित्सा विभाग को बीमार और घायल पशुओं के समय पर उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयां तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुरूप पशु चिकित्सकों और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित