गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (पीईटी) को उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 25 व 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को जनपद के 32 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। बुधवार को परीक्षा की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक अधिकारियों तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की।
समीक्षा बैठक की जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने बताया कि,सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और परीक्षा से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में दोनों विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय एवं सामंजस्य के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 का आयोजन निर्धारित तिथियों पर दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंचें और सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लें। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी सुनिश्चित की जाए। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर कोई सुविधा अधूरी है अथवा सीसीटीवी कैमरा ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो उसे तत्काल दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित