गौतमबुद्धनगर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है।

गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका द्वारा आयोजित बैठक के संबंध जानकारी साझा करते हुए बताया गया आगामी रविवार को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जहां सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका प्रियंका ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा से पूर्व अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें तथा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय ही परीक्षा के सफल संचालन की कुंजी है।

उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। साथ ही चेतावनी दी कि परीक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एडीएम न्यायिक ने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बिजली व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से कार्यरत होनी चाहिए। अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। नकलविहीन परीक्षा के लिए केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डाटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, एयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज के समन्वयी पर्यवेक्षक आशीष एलन राबर्ट्स ने उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े मानकों, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रवक्ता (महिला/पुरुष) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 का आयोजन 14 जून को प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक पाली में जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित