गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में अठारहवीं विधान सभा की प्राक्कलन समिति (वर्ष 2025-26) की प्रथम उप समिति की बैठक गुरुवार को गौतमबुद्धनगर के विकास भवन में आयोजित की गयी।
बैठक की अध्यक्षता माननीय सभापति मुकेश चौधरी ने की, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और बजटीय प्रावधानों की गहन समीक्षा की गयी। इस बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सभापति ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों को सुदृढ़, सुरक्षित और गड्ढामुक्त बनाए रखने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
प्राधिकरणों के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, कूड़ा-करकट का प्रभावी निस्तारण, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, जल निकासी तंत्र को मजबूत करने, एसटीपी प्लांट की क्षमता बढ़ाने, और आधुनिक मशीनरी का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए सभापति ने स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान कार्ड वितरण में तेजी लाने और बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सिंचाई विभाग को नहरों की पटरी पर सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए गए। खाद्यान्न और गैस सिलेंडर वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने, और किसानों के लिए क्रय केंद्रों पर पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सं. संतोषवार्ताजिला विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों और उनकी आय के संबंध में जानकारी दी। सभापति ने इन समूहों की सराहना करते हुए उनके उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन व्यवस्था और आयवृद्धि के पहलुओं पर चर्चा की और इन गतिविधियों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में, सभापति श्री चौधरी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित कराया जाएगा, और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में माननीय समिति सदस्यगण डॉ. मंजू शिवाच, लक्ष्मी राज सिंह, शाहिद मंजूर, दादरी के विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एडिशनल सीपी (मुख्यालय) अजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण मनीष, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और प्राधिकरणों के अन्य अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित