गौतमबुद्धनगर , मई 11 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस में बड़े पैमान पर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को नयी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पुलिस ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जारी आदेश में स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय नोएडा से स्थानांतरित कर अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा बनाया गया है। वहीं श्री संतोष कुमार, जो अब तक अपर पुलिस उपायुक्त यातायात के पद पर तैनात थे, उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अभय कुमार मिश्रा को प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं डायल-112 के दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा श्री सुधीर कुमार सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा से स्थानांतरित कर अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय बनाया गया है।

इसी क्रम में राजेन्द्र कुमार गौतम को अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा/अपराध से अपर पुलिस उपायुक्त अपराध बनाया गया है। साथ ही उन्हें प्रभारी पुलिस उपायुक्त लाइन्स, निगरानी प्रकोष्ठ और आंकिक शाखा के अतिरिक्त दायित्व भी सौंपे गए हैं।

एसीपी स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। जितेन्द्र कुमार सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त/थाना प्रभारी दादरी से सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय सेंट्रल नोएडा नियुक्त किया गया है। श्री पवन कुमार को सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय सेंट्रल नोएडा से सहायक पुलिस आयुक्त यातायात ग्रेटर नोएडा बनाया गया है।

अनिल कुमार पाण्डेय, जो अपराध शाखा में निरीक्षक एवं सहायक पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यरत थे, उन्हें सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्री शकील मोहम्मद को सहायक पुलिस आयुक्त यातायात नोएडा/सेन्ट्रल नोएडा/ग्रेटर नोएडा से स्थानांतरित कर सहायक पुलिस आयुक्त यातायात नोएडा एवं प्रोटोकॉल बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित