गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 10 -- शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में जनपद गौतमबुद्धनगर वासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र करने की कार्रवाई की जा रही है।

शनिवार को सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि, बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटहेरा स्थित मसाला निर्माण इकाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जांच की। मौके पर मिर्च बीज, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, धनिया के टुकड़े, साबुत हल्दी, धनिया की डंडी की भूसी और अन्य सामग्री मिली। इसके अलावा सोयाबीन की बड़ी, साबुत मिर्च, पीला रंग, लाल रंग तथा सरसों का तेल भी बरामद किया गया। जहां इन सामग्रियों को मिलाकर मसाले तैयार किए जा रहे थे।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धर्मेश इंडस्ट्रीज की मसाला निर्माण इकाई पर छापेमारी की कार्रवाई के दौरान विभिन्न मसालों और उनमें मिलाए जाने वाले संदिग्ध पदार्थों समेत कुल 13 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। वहीं, शेष लगभग 3759 किलोग्राम सामग्री को सीज कर दिया गया। संबंधित के विरुद्ध थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

मौके से 125 किलोग्राम मिर्च बीज, 1050 किलोग्राम हल्दी पाउडर, 315 किलोग्राम धनिया पाउडर, 525 किलोग्राम मिर्च पाउडर, 360 किलोग्राम धनिया के टुकड़े, 140 किलोग्राम साबुत हल्दी, 600 किलोग्राम धनिया की डंडी की भूसी और 180 किलोग्राम अन्य सामग्री, जिसमें डंडी और मिर्च के बीज मिले हुए थे, बरामद हुई। इसके अतिरिक्त 100 किलोग्राम सोयाबीन की बड़ी, 300 किलोग्राम साबुत मिर्च, दो किलोग्राम पीला रंग, दो किलोग्राम लाल रंग और 60 किलोग्राम सरसों का तेल भी मिला।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपमिश्रक के रूप में संदिग्ध पीले रंग, लाल रंग और भूसी सहित कुल 13 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। शेष लगभग 3759 किलोग्राम सामग्री सीज कर दी गई। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।

विभाग ने मामले में संबंधित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही मसाला निर्माण इकाई का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है। देर रात तक चली इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह, विशाल कुमार गुप्ता, विजय बहादुर पटेल, रविंद्र नाथ वर्मा, मुकेश कुमार और रितु सक्सैना शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित