गौतमबुद्धनगर , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले की अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम। नए अग्निशमन केंद्रों की स्थापना, संसाधनों के विस्तार और अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद तथा इनसे जुड़ी कई परियोजनाओं को उत्तर प्रदेश शासन से मंजूरी मिली।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा सोमवार को सूचना जारी कर जानकारी साझा की गई उन्होंने बताया कि,यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-32 स्थित भूखंड संख्या एफ-4 पर सात यूनिट क्षमता वाले नए अग्निशमन केंद्र के निर्माण के लिए शासन ने 2359.16 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया है। केंद्र का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

इसी तरह जेवर तहसील के यीडा क्षेत्र के सेक्टर-18 स्थित भूखंड संख्या एफ-1 पर सात यूनिट वाले नए अग्निशमन केंद्र की स्थापना के लिए भूमि के साथ 2333.44 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है। यहां भी निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की बात कही गई है।

दादरी तहसील के बिसाहड़ा गांव में अग्निशमन केंद्र की स्थापना के लिए भूमि को गृह (पुलिस) विभाग के निवर्तन पर रखते हुए निःशुल्क हस्तांतरण की अनुमति शासन स्तर से प्रदान की गई है।

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के अग्निशमन केंद्रों के लिए वाहन, मशीन और उपकरणों की खरीद के लिए 129.63 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत हुआ है।

वहीं नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से नोएडा क्षेत्र के अग्निशमन केंद्रों के लिए वाहन, मशीन और उपकरणों की खरीद के लिए 154 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत कराया गया है। दोनों मामलों में खरीद की प्रक्रिया मुख्यालय और संबंधित प्राधिकरण स्तर पर चल रही है।

फेस-1 अग्निशमन केंद्र में छुद्रमूल निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए 1.37 करोड़ रुपये का अनुदान भी स्वीकृत किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित