गौतमबुद्धनगर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गौतमबुद्धनगर में उत्पन्न औद्योगिक असामंजस्य को दूर करने के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने और श्रमिकों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से समिति द्वारा बहुचरणीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।

सोमवार को उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास आयुक्त की अध्यक्षता में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग), प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन), श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश (कानपुर), मंडलायुक्त मेरठ, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया। श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, श्रमिक हितों की सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण जैसी प्रमुख मांगें समिति के सामने रखीं।

समिति ने आश्वासन दिया कि श्रमिकों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और सभी औद्योगिक इकाइयों में श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का गहनता से अनुश्रवण कर चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।

इसके साथ ही समिति ने श्रमिकों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपने कार्यस्थलों पर लौटें और किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें, ताकि जिले में औद्योगिक वातावरण में स्थिरता, विश्वास और सौहार्द बना रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित