भोपाल , जुलाई 25 -- मध्य प्रदेश के भोपाल में गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सोमवार को देशभर के सभी जिलों में जिलाधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, संबंधित राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों को 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों वाले प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
शनिवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। अभियान की प्रमुख मांगों में गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराना और केंद्रीय गो-चारा नीति शामिल हैं।
भोपाल में 27 जुलाई को गोभक्त सुबह 7:30 बजे गुफा मंदिर पर एकत्र होंगे। गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रोच्चार के बाद शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली जाएगी, जहां ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस अवसर पर जिले के संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा, किसान तथा बड़ी संख्या में गोभक्त मौजूद रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित