भिण्ड , जून 8 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की गोहद उप जेल से पॉक्सो एक्ट के एक मामले में बंद आरोपी आज फरार हो गया। आरोपी निर्माणाधीन बैरक में लगी बांस-बल्ली के सहारे जेल की दीवार फांदकर भाग निकला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गोहद उप जेल की सहायक अधीक्षक सरिता मिंज ने इस संबंध में पुलिस को लिखित सूचना दी है। सूचना में बताया गया है कि पॉक्सो एक्ट के मामले में बंद आरोपी अनिल गोयल, निवासी खरौली थाना अमायन, आज दोपहर लगभग दो से तीन बजे के बीच जेल से फरार हो गया।

शाम के समय बंदियों की गिनती के दौरान एक बंदी कम पाया गया। इसके बाद जेल स्टाफ ने तत्काल परिसर में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। जांच में फरार बंदी की पहचान अनिल गोयल के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि जेल परिसर में नई बैरकों का निर्माण कार्य चल रहा है, जहां बांस-बल्ली लगी हुई थी। आरोपी ने इन्हीं के सहारे ऊंचाई प्राप्त कर जेल की दीवार पार कर ली और फरार हो गया।

बताया गया है कि आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से पॉक्सो एक्ट के मामले में उप जेल में निरुद्ध था। घटना की सूचना मिलने के बाद गोहद थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अभिषेक गौतम ने बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित