नयी दिल्ली , मई 02 -- गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी द्वारा प्रतिष्ठित 51वीं अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का आयोजन (बीसीसीआई और डीडीसीए से मान्यता प्राप्त) रविवार, 3 मई 2026 से संत लोंगोवाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, मॉरिस नगर में किया जाएगा।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता महान संत, प्रख्यात शिक्षाविद्, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक ब्रह्मलीन त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त जी महाराज (1889-1959) की पावन स्मृति में आयोजित की जाती है, जो श्री सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा, पंजाब के संस्थापक महासचिव भी रहे। पिछले पाँच दशकों से अधिक समय से यह प्रतियोगिता देशभर के उभरते एवं स्थापित क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती रही है और क्रिकेट के विकास में उल्लेखनीय योगदान देती आ रही है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन रविवार को प्रातः 7:30 बजे मुख्य अतिथि राकेश पावेरिया (अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, दिल्ली) द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रो. (डॉ.) गुरु मोहिंदर सिंह जी (प्राचार्य, एस.जी.टी.बी. खालसा कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय), विनोद तिहारा (पूर्व सचिव, डीडीसीए), किमती लाल (चेयरमैन, किमती स्पोर्ट्स वर्क्स), पवन कुमार गुरदिता (स्पोर्ट सन, दिल्ली), सूरज सोन्धी (प्रमुख समाजसेवी, प्रिया टेंट हाउस), ललित तनेजा (महाप्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक) अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित