अलवर , मार्च 10 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविन्दगढ़ कस्बे में मंगलवार को खाद्य विभाग के दल की अचानक कार्रवाई से बाजार में अफरा तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिलावटी दूध की शिकायतों के बाद दल ने खेड़ामहमूद रोड स्थित दो दुग्ध डेयरियों, नसवारी क्षेत्र में एक दूध आपूर्तिकर्ता और कुंडा बाजार की एक किराना दुकान से नमूने लिए। जांच के दौरान करीब 200 लीटर दूध में बदबू, खट्टापन और तेल की मिलावट पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
खाद्य निरीक्षक केशव गोयल ने बताया कि गोविन्दगढ़ और रामगढ़ क्षेत्र में नकली दूध से मिठाई और पनीर बनाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद अलवर से उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। लिए गए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित