नयी दिल्ली , जून 27 -- पोत, पत्तन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि प्रस्तावित गोवा वाटर मेट्रो परियोजना को प्रथम चरण की प्राथमिकता में शामिल किया गया है।
श्री सोनोवाल ने गोवा में 48.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए कैप्टन ऑफ पोर्ट्स टर्मिनल भवन का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना गोवा के जलमार्ग पर्यावरण अनुकूल, टिकाऊ और दक्ष शहरी परिवहन के लिए अत्यंत उपयुक्त हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह परियोजना शीघ्र साकार होगी और राज्य में पर्यटन तथा जल परिवहन को नयी गति देगी।
उन्होंने कहा कि मंडोवी नदी के किनारे निर्मित नया कैप्टन ऑफ पोर्ट्स टर्मिनल गोवा की समुद्री पहचान और आधुनिक समुद्री अवसंरचना का प्रतीक है। भवन में समुद्री प्रशासन, नौवहन नियंत्रण, रेडियो संचार केंद्र, यात्री सुविधाएं, सम्मेलन कक्ष तथा अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। उनका कहना था कि पिछले 12 वर्षों में देश के बंदरगाहों की क्षमता लगभग दोगुनी हुई है और जहाजों के टर्नअराउंड समय में उल्लेखनीय कमी आयी है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मोरमुगाओ बंदरगाह प्राधिकरण में 2014 से अब तक करीब 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की आधारभूत ढांचा परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। मोरमुगाओ भारत का पहला ग्रीन पोर्ट तथा ग्रीन शिप इंसेंटिव लागू करने वाला पहला बंदरगाह बन चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित