नयी दिल्ली , सितम्बर 07 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पणजी में गोवा पुलिस को राष्ट्रपति का निशान प्रदान किया और कहा कि आठ दशकों की सेवा, पेशेवर उत्कृष्टता, साहस, अनुशासन और समर्पण के कारण उसे यह सम्मान मिला है।
श्री शाह ने कहा कि गोवा पुलिस ने सुरक्षित शहर, सुरक्षित समुदाय और सुरक्षित समुद्री सीमा की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवा 112 में गोवा पुलिस का प्रतिक्रिया समय 18 मिनट से घटकर 8 मिनट रह गया है और करीब 20 हजार कॉल पर त्वरित सहायता दी गयी है।
गृह मंत्री ने कहा कि गोवा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों के लिए 1930 हेल्पलाइन पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कॉल एजेंट शुरू किया है, जो कोंकणी, मराठी और हिंदी के साथ संविधान की आठवीं अनुसूची की सभी भाषाओं में शिकायत दर्ज कर उसे उचित स्थान तक पहुंचायेगा। नयी न्याय संहिताओं के क्रियान्वयन में 93.38 प्रतिशत प्रगति के साथ गोवा पुलिस देश में दूसरे स्थान पर है और एक साल में उसकी सजा दिलाने की दर 23 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हुई है।
श्री शाह ने कहा कि वर्ष 2026 से 2029 तक नशे के खिलाफ अभियान के लिए तैयार रोडमैप के तहत देश के गांवों और शहरों को नशीले पदार्थों से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने 2029 में भारत में होने वाले अंतरराष्ट्रीय पुलिस खेल महाकुंभ के लिए गोवा पुलिस से अभी से तैयारी करने और पदक तालिका में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत ने संवाद और रणनीतिक साझेदारी के जरिए आर्थिक गति बनाये रखी है और 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प अब 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प बन चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित