चंदौली , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली के सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को गोवध के मुकदमे में करीब एक साल से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी चंद्रशेखर राजभर (26) के रूप में हुई है। वह सैयदराजा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 196/2025 में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2025 को मुखबिर की सूचना पर जेठमलपुर तिराहे के पास एनएच-2 पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की टाटा इंट्रा पिकअप को रोका गया था। वाहन में क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे आठ गोवंश बरामद हुए थे। पुलिस को देखते ही चालक समेत दो लोग बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए थे।
इस मामले में सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पुलिस की जांच देखकर वह वाहन छोड़कर फरार हो गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित