देवास , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश में देवास जिले के सतवास में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोवंश तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को पकड़कर उनमें से 13 गोवंश बरामद किए। मौके से एक महिला समेत पांच लोगों को पकड़कर सतवास पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला सतवास थाना क्षेत्र के कलम फाटा का है। यहां आज सुबह करीब छह बजे विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गोवंश तस्करी की सूचना पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान कुल सात वाहन वहां से गुजरे, जिनमें से चार वाहनों को रोक लिया गया, जबकि तीन वाहन मौके से निकल गए।
पकड़े गए चार वाहनों से 13 गोवंश बरामद किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये वाहन गाडरवारा से सनावद की ओर जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत पांच लोगों को पकड़ा गया। सभी को सतवास थाने लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार हुए तीन वाहनों और उनके सवारों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित