सोमेश्वर/अल्मोड़ा , जुलाई 27 -- कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देव परंपराएं और जागर जैसे धार्मिक अनुष्ठान प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और आस्था के मजबूत आधार हैं। न्याय के देवता गोलू देव और हरज्यू देव की परंपराएं समाज को सत्य, न्याय और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
कैबिनेट मंत्री ग्राम सभा गल्ली बस्यूरा स्थित श्री गोलू देव एवं श्री हरज्यू देव मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय बैसी (जागर) धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने ग्राम कुंवाली कोरेधार स्थित गोलज्यू देवता मंदिर में आयोजित 22 दिवसीय बैसी कार्यक्रम में भी सहभागिता कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्रीमती आर्या ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। इन लोक परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारी लोक परंपराएं सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित