मैहर , जून 12 -- मध्यप्रदेश के मैहर जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र स्थित परसमनिया गढ़ी में दो महिलाओं के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली से नागौद राजपरिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने गोली चलाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार दोपहर परसमनिया गढ़ी में दो महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। इसी दौरान गोली चलने से नागौद राजघराने से संबंधित योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूत्रों ने बताया कि योगिता सिंह मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान नागौद विधायक नागेन्द्र सिंह के भतीजे बाबा राजा की पत्नी हैं। घायल योगिता सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सतना से रीवा रेफर किया गया है। पुलिस ने गोली चलाने की आरोपी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित