उदयपुर , सितम्बर 08 -- राजस्थान में उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक डा अमृता दुहन ने बताया कि थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल ने इस मामले में गोगा गिरोह के दो इनामी वांछित अपराधियों उस्मान गनी (21) एवं मोहसीन गदनीया उर्फ काणा (23) को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि गत 30 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे प्रेमसिंह सोलंकी अपने दोस्त अरदीन खान, प्रदीप बापू, राज उर्फ साहिल, कुशल उर्फ गोनू, हर्षित के साथ अपनी कार से जन्मदिन का केक काटने के लिए बलीचा स्थित महादेव होटल पहुंचे थे। वहां एक सफेद रंग की कार में आए कुछ बदमाशों ने अरदीन को गोली मार दी।
पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन शेष दो आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते हुए अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात में छुपते फिर रहे थे।
पुलिस ने वांछित दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मथुरा (उत्तर प्रदेश) में दोनों मुख्य आरोपियों को दबोंच लिया। उदयपुर लाते समय आरोपियों ने भागने का प्रयास किया जिससे वे संतुलन खो बैठे और एक गहरे गड्ढे में गिरकर घायल हो गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित