गोरखपुर , अगस्त 10 -- आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान का सोमवार को गोरखपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर निगम स्थित लक्ष्मीबाई पार्क से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं यात्रा का नेतृत्व किया। करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो गया।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू होकर काली मंदिर और गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंची। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता रहा और 'भारत माता की जय' तथा 'वंदे मातरम्' के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।

तिरंगा यात्रा के दौरान नगर निगम, गोलघर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लोगों ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर संगठनों और स्थानीय लोगों ने यात्रा पर पुष्पवर्षा कर अपना उत्साह व्यक्त किया। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा के मार्ग में करीब 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित