गोरखपुर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए "एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट" जारी किया है।

मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी चेतावनी के अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और बिजली विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, ताकि तेज आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिरने या बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं से तुरंत निपटा जा सके।

विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी तेज हवाएं कच्चे मकानों, होर्डिंग्स और पेड़ों के लिए खतरा बन सकती हैं। किसानों के लिए भी यह मौसम नुकसानदेह हो सकता है, खासकर खड़ी फसलों को भारी क्षति पहुंचने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित