गोरखपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र में फूड विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 14 बोरियों में भरा लगभग सात क्विंटल नकली खोवा बरामद किया। नौसढ़ के समीप वाहनों की चेकिंग के दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की दूसरी और तीसरी सीट पर बोरों में भारी मात्रा में खोवा भरा मिला, जिसे गोरखपुर लाया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही पूरे माल को जब्त कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार यह जांच की जा रही है कि गोरखपुर के किस व्यापारी ने उक्त खोवा की मांग की थी। वाहन स्वामी एवं मिर्जापुर के संबंधित व्यापारी से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पूछताछ में कोई स्पष्ट दावेदार सामने नहीं आया है।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मिलावटी एवं नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि खोवा खरीदते समय उसकी जांच अवश्य करें। होली पर्व से पहले बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग के चलते मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। फूड विभाग ने चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित