गोरखपुर , अप्रैल 02 -- गोरखपुर शहर में बुधवार शाम एक जर्जर इमली का पेड़ गिरने से एक संवाददाता की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि रेलवे जीएम कार्यालय के सामने बुधवार देर शाम सड़क किनारे खड़ा एक पुराना इमली का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उसी समय शास्त्री चौक स्थित प्रेस क्लब से एक ही बाइक पर घर लौट रहे दो संवाददाता उसकी चपेट में आ गए। मृतक की पहचान जितेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है, जो बाइक चला रहे थे। हादसे में उनके साथ मौजूद प्रमोद पाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ अचानक गिरने से दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से जितेंद्र शुक्ला को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद शहर के पत्रकारों में शोक व्याप्त है। साथ ही, नगर में जर्जर पेड़ों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की मांग भी तेज हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित