गोरखपुर , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र स्थित बलुआ बुजुर्ग गांव में सोमवार तड़के हुए तिहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते एक किशोर ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अमित गुप्ता (35), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (32) और पुत्र रेयांश गुप्ता (3) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों अपने कमरे में सो रहे थे, तभी आरोपी नाबालिग भाई ने धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी।

मृतक अमित गुप्ता के पिता हरिलाल की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।'घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी दक्षिणी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित