गोरखपुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में अधिवक्ता एवं पत्रकार अग्निवेश सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार बांसगांव क्षेत्र में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि अग्निवेश सिंह पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई नीतीश सिंह ने आरोप लगाया कि उनके भाई की बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरे पक्ष के संजय सिंह भी झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना में मृतक के परिजन नीतीश सिंह और उनके पिता सुनील सिंह को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित