गोरखपुर , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में राजघाट थाना क्षेत्र के लालडिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित इंटर कॉलेज में बुधवार को कक्षा आठ के छात्र का शव कॉलेज के बाथरूम में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार मृतक छात्र की पहचान देवरिया जिले के निवासी अनूप कुमार के रूप में हुई है। वह स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीसीटीवी फुटेज में छात्र अकेले गमछा लेकर बाथरूम की ओर जाता दिखाई दे रहा है। इसके कुछ समय बाद बाथरूम में उसका शव फंदे से लटका मिला।
कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अलावा छात्र के मोबाइल फोन की डिटेल भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
घटना की सूचना छात्र के परिजनों को दी गई। उनके पहुंचने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (शहर) गजेंद्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटील भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कॉलेज प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने बताया कि छात्र अनूप कुमार कॉलेज के बाथरूम में फंदे से लटका मिला है। सीसीटीवी फुटेज में वह अकेले गमछा लेकर बाथरूम की ओर जाता दिखाई दे रहा है।
अधिकारियों ने घटनास्थल पर उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस छात्र के मोबाइल फोन की डिटेल की भी जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले उसने किन लोगों से बातचीत की थी और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभी घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित