गोरखपुर , मार्च 13 -- गोरखपुर जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की भर्ती के लिए 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर दो दिनों में दो-दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी, जिसमें कुल 36 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि प्रत्येक पाली में लगभग 9 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में एडीजी, डीआईजी, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की जा चुकी है, जिसमें परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था भी मजबूत की गई है और रोडवेज बसों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित