गोरखपुर , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में शनिवार को एक फोरलेन सड़क सहित करीब 758 करोड़ अधिक की 24 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री गोरखपुर के भटहट-बासंस्थान फोरलेन सड़क समेत 697 करोड़ 49 हजार रुपये की लागत वाली 5 सड़कों का लोकार्पण और सड़क निर्माण एवं पर्यटन विकास से जुड़े, 60 करोड़ 63 लाख 96 हजार रुपये की लागत वाले 19 विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। लोकार्पण और शिलान्यास के ये सभी कार्य पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के दायरे में हैं।

सूत्रों ने बताया कि लोकार्पण और शिलान्यास का समारोह शनिवार दोपहर बाद बांसस्थान में होगा जहां मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। योगी जिन सड़कों का लोकार्पण करेंगे, उनमें सबसे महत्वपूर्ण भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग है। 11.6 किमी लंबे इस मार्ग के फोरलेन में चौड़ीकृत होने जाने से न केवल एक बड़ी आबादी के लिए आवागमन सुगमता बढ़ी है बल्कि इसका फायदा आयुष विश्वविद्यालय जाने वालों को भी मिल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि फोरलेन कनेक्टिविटी हो जाने से प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय में आयुष पद्धतियों से इलाज कराने का क्रेज और बढ़ेगा। शिलान्यास की परियोजनाएं सड़क और पर्यटन विकास पर केंद्रित हैं।

मुख्यमंत्री शनिवार को राज्य के पहले, महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण और समीक्षा बैठक करेंगे। उनके द्वारा आयुष विश्वविद्यालय में पुरुष व महिला छात्रवास का लोकार्पण भी संभावित है। पुरुष छात्रावास का नामकरण ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में किया गया है जबकि महिला छात्रावास का नाम राप्ती रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि आयुष विश्वविद्यालय, सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। उन्होंने इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों और लोकार्पण 1 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के कर कमलों से कराया था।

मुख्यमंत्री रविवार (12 जुलाई) को गोरखपुर में, प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ में सम्मिलित होंगे। वह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस के किनारे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधा लगाएंगे और जनसभा कर प्रदेशवासियों को पौधरोपण महायज्ञ में जिम्मेदारीपूर्वक हिस्सेदारी करने का आह्वान करेंगे। इस महाभियान के जरिये प्रदेश सरकार ने इस बार 35 करोड़ पौधरोपण करने का लक्ष्य तय किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित