गोरखपुर , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र के एम्स अस्पताल के गेट नंबर चार के सामने महिला से मोबाइल फोन छीनने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को बुध्दवार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिनैती का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार पुलिस टीम ने मुकदमा संबंधित आरोपियों राकेश निषाद निवासी सैनपुर टोला, थाना खोराबार, गोरखपुर और प्रभुनाथ राजभर निवासी रामपुर चकिया टोला बरैठवां, थाना श्यामदेउरवा, महराजगंज को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक घटना 22 अगस्त की है। वादिनी अपनी रूम पार्टनर के साथ सिंघड़िया से पैदल एम्स अस्पताल की ओर जा रही थी। दोनों एम्स अस्पताल के गेट नंबर चार के सामने पहुंचीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छिनैती किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली। पुलिस ने बरामदगी को मुकदमे की विवेचना में शामिल करते हुए संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले इस तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित