भोपाल , जुलाई 12 -- गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में कर्मचारियों पर चाकू से हमले के मामले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) भोपाल ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना भदभदा और सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। आरोप है कि अवैध वेंडर बताए जा रहे जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी ने ट्रेन में कार्यरत कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में विजय कुमार, आनंद कुमार और किशन घायल हो गए। घायलों में विजय कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी कर्मचारियों पर कथित रूप से अवैध किचन का भोजन खरीदने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और चाकू से हमला कर दिया गया।

जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है और शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित