गोरखपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित महायोगी गोरखनाथ चिकित्सालय परिसर में शनिवार को अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को आग लगने की आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित करना रहा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन अधिकारी शांतनु कुमार यादव तथा फायरमैन जितेंद्र कुमार और दीपक राज वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग, आपातकालीन निकासी, धुएं व आग की स्थिति में बचाव और आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की विधि समझाई गई, जिससे कर्मचारी वास्तविक परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य कर सकें।

इस अवसर पर महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह तथा कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में इस प्रकार की मॉक ड्रिल का नियमित आयोजन आवश्यक है, जिससे कर्मचारी आपात स्थितियों के प्रति सजग और तैयार रह सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित