नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को बर्लिन में जर्मनी की आर्थिक मामलों एवं ऊर्जा मंत्री सुश्री कैथरीना रीख के साथ एक बैठक की और दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय आर्थिक, व्यावसायिक एवं औद्योगिक सहयोग के विस्तार पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने भारत यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (भारत-ईयू एफटीए) के संभावित प्रभावों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

श्री गोयल ने इस बैठक के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, " बैठक के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, उन्नत विनिर्माण, महत्वपूर्ण खनिज, ग्रीन हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और मजबूत एवं विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखलाओं जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही, भारत के औद्योगिक और डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र में निवेश बढ़ाने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श हुआ।"वाणिज्य मंत्री ने कहा, " हमने भारत- ईयू एफटीए और जर्मनी के उद्योगों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से संभावित प्रभावों पर भी अपने विचार साझा किए।"उन्होंने कहा कि यह समझौता खेल की दिशा बदलने वाला साबित होगा, जो भारत और जर्मनी, दोनों देशों के व्यवसायों को अपनी पूरी क्षमता का उपयोग करने और विकास के नए अवसर हासिल करने में मदद करेगा।

जर्मनी और नीदरलैंड के साथ द्विपक्षीय रणनीतिक आर्थिक और व्यापारिक संंबंधों को और मजबूत करने तथा औद्योगिक एवं तकनीकी सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से आज से 27 अक्टूबर तक इन देशों की आधिकारिक यात्रा पर है। यात्रा के पहले चरण में वह जर्मनी में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित