चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- हरियाणा के स्थानीय निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को राज्य के प्रत्येक जिले में 'वेस्ट-टू-वंडर पार्क' विकसित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य ठोस कचरे का पुन: उपयोग कर शहरों को स्वच्छ सुंदर और आकर्षक बनाना है।

उन्होंने शहरी चुनौती निधि के तहत प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में बताया कि गुरुग्राम में वेस्ट-टू-वंडर पार्क विकसित किया जा रहा है और इसी तर्ज पर अन्य शहरी निकायों में भी ऐसे पार्क बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे कचरा प्रबंधन को बढ़ावा मिलने के साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध होंगे।

बैठक में अधिकारियों को शहरी सब्जी मंडियों में मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने, पुराने नगर निगम कार्यालयों को व्यावसायिक परिसरों में बदलने तथा एचएसवीपी क्षेत्रों गुरुग्राम के पुराने इलाकों और कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति मजबूत करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा पंचकूला के नग्गल में खेल परिसर, जगाधरी में पुराने नगर समिति कार्यालय की जगह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं कन्वेंशन-कम-बैंक्वेट हॉल तथा पानीपत स्थित आईओसीएल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

बैठक में फरीदाबाद के अरावली गोल्फ कोर्स के उन्नयन, मल्टीलेवल पार्किंग व्यावसायिक परिसरों के विकास और गोंची व बुधिया नालों के पुनर्विकास की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित