लेहरागागा , जुलाई 24 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और राज्य को अधिक हरित बनाने के उद्देश्य से अपना पंजाब फाउंडेशन की महत्वाकांक्षी 'मिशन हरियाली-2026' मुहिम का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत पूरे पंजाब में नौ लाख पौधे लगाये जाएंगे। अभियान की शुरुआत लेहरागागा स्थित सीबा स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की गयी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों को पौधे वितरित किये और उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है और प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल करना भी सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अपना पंजाब फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पूरे राज्य में नौ लाख पौधों का व्यवस्थित रोपण, निगरानी और संरक्षण एक सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक संगठन लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैबिनेट मंत्री ने सीबा स्कूल की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण, नैतिक मूल्यों और व्यावहारिक जीवन कौशल का भी प्रशिक्षण दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपना पंजाब फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं सीबा स्कूल के प्रबंध निदेशक कंवलजीत सिंह ढींढसा ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना है। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत पंजाब के विभिन्न जिलों में नौ लाख पौधे लगाये जाएंगे तथा उनकी निरंतर निगरानी और देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पौधे जीवित रह सकें।

कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने स्कूल के हर्बल गार्डन में पौधा लगाकर 'मिशन हरियाली-2026' का औपचारिक शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर ट्रेड सेल के जिला अध्यक्ष अरुण जिंदल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन शिशपाल आनंद, स्कूल प्रबंधन के सदस्य, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित