फरीदकोट , जून 24 -- पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार को फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर फरीदकोट के विधायक गुरदित सिंह सेखों भी उपस्थित रहे।
श्री गोयल ने राजस्थान फीडर नहर पर तलवंडी रोड, फरीदकोट तथा सरहिंद फीडर नहर पर फरीदकोट-कोटकपूरा मार्ग स्थित नवनिर्मित सिंगल-स्पैन स्टील पुलों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि शहर की दो प्रमुख सड़कों पर बने ये आधुनिक पुल अत्याधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक से तैयार किये गये हैं। पूर्व में मौजूद पुल लगभग 60 वर्ष पुराने हो चुके थे और बढ़ते यातायात दबाव को संभालने में सक्षम नहीं थे। उन्होंने बताया कि नये पुलों की सड़क चौड़ाई 7.5 मीटर है तथा दोनों ओर 1.2 मीटर चौड़े पैदल मार्ग भी बनाये गये हैं। लगभग 38.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन पुलों से फरीदकोट शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने गांव हसन भट्टी में एक नहर आउटलेट तथा फरीदकोट विधानसभा क्षेत्र के 21 नहर आउटलेट्स के लिए बनाये गये पक्के खालों (लाइनिंग युक्त वाटरकोर्स) का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पक्के खालों के निर्माण से नहरी पानी का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हुआ है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि 21 विकास कार्यों के तहत लगभग 11.90 करोड़ रुपये की लागत से 34.50 किलोमीटर लंबे पक्के वाटरकोर्स बनाये गये हैं। इन परियोजनाओं से 780 एकड़ कृषि भूमि को सीधे लाभ मिलेगा। इन पक्के खालों के निर्माण से पानी की बर्बादी रुकेगी और खेतों तक नहरी पानी तेज़ी एवं बेहतर ढंग से पहुंच सकेगा।
जल संसाधन मंत्री ने नाबार्ड योजना के तहत 96.16 लाख रुपये की लागत से तैयार भूमिगत पाइपलाइन परियोजना का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सिंचाई नेटवर्क और अधिक मजबूत हुआ है तथा किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण को बढ़ावा देने और कृषि को अधिक उत्पादक एवं टिकाऊ बनाने के लिए लगातार ऐसे कदम उठा रही है।
फरीदकोट विधायक गुरदित सिंह सेखों ने इन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को क्षेत्र की जनता को समर्पित करने के लिए श्री गोयल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सिंचाई और आधारभूत ढांचे से जुड़ी ये परियोजनाएं किसानों और आम जनता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी। सेखों ने बताया कि 50 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं क्षेत्र के लोगों को समर्पित की गयी हैं, जिनसे गांवों में सिंचाई सुविधाएं बेहतर होंगी और नये पुलों के माध्यम से सड़क संपर्क मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नहरों, डिस्ट्रिब्यूटरी और माइनरों की जल वहन क्षमता बढ़ाकर किसानों को पहले से अधिक सिंचाई जल उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित