नयी दिल्ली , मई 12 -- वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और चिली के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लिए चल रही वार्ताओं के बीच वहां के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज़ मैककेना के साथ मंगलवार को बैठक में बातचीत की प्रगति की समीक्षा की चिली के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ नाश्ते पर हुई बैठक के बारे में श्री गोयल ने कहा," हमने भारत-चिली व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) की वार्ता की प्रगति की समीक्षा की और अपने व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।"श्री गोयल ने कहा, "भारत चिली के साथ अपनी सौहार्दपूर्ण और दीर्घकालिक साझेदारी को महत्व देता है और हम साझा विकास एवं समृद्धि के लिए अपने आर्थिक सहयोग तथा जन-संबंधों को विस्तारित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"भारत और चिली ने 2006 में व्यापार समझौता (पीटीए) किया था। दोनों देश इस समझौते को एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते में विस्तारित करने के लिए 2026 के शुरु में बातचीत प्रारंभ की थी , जो अब प्रगति पर है। समझौते को उन्नत रूप देने का उद्देश्य इसमें डिजिटल सेवाओं, निवेश और महत्वपूर्ण खनिजों (जैसे लिथियम) को शामिल करना है। महत्वपूर्ण खनिज इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्रों के लिए आवश्यक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित