नयी दिल्ली , मार्च 27 -- केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कैमरून के याउंदे में अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर से मुलाकात की है। श्री गोयल वहां विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यू टी ओ) की 14वीं मंत्री स्तरीय बैठक में भारतीय दल का नेतृत्व कर रहे हैं। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के साथ अपने बैठक की जानकारी देते हुए श्री गोयल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा," विश्व व्यापार संगठन मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के साथ बहुत ही सार्थक चर्चा हुई।"वाणिज्य मंत्री ने कहा, " हमने टडब्ल्यूटीओ मंत्रिस्तरीय बैठक के एजेंडा तथा भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौता वार्ता में आगे के कदमों पर विचार-विमर्श किया और आर्थिक सहयोग एवं द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को और अधिक मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। "विश्व व्यापार के नियमों में सुधार के लिए यह सम्मेलन कैमरून की मेजबानी में आयोजित किया गया है। गत 26 मार्च को शुरू हुआ यह सम्मेलन 29 मार्च तक चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित