नयी दिल्ली , मई 29 -- भारत और कनाडा ने एक-दूसरे के साथ व्यापार और निवेश मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की तीन दिवसीय कनाडा यात्रा के बाद एक संयुक्त बयान जारी किया गया है। जिसमें कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू और श्री गोयल ने इस यात्रा के दौरान हुई बातचीत में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की, ताकि दोनों देशों के आर्थिक विकास और व्यवसायों के लिए व्यावसायिक अवसरों में वृद्धि करने वाले ठोस परिणाम प्राप्त किये जा सकें।

वक्तव्य के मुताबिक श्री सिद्धू ने मंत्री गोयल और उनके साथ कनाडा के भारतीय व्यवसायिक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि-खाद्य, उन्नत विनिर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकी और कौशल विकास जैसे पूरक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर जोर दिया। श्री गोयल के साथ व्यावसायिक शिष्टमंडल में भारत के उद्योग और व्यापार जगत के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल थे और यह भारत द्वारा अब तक किसी देश में भेजा गया सबसे बड़ा व्यावसायिक प्रतिमंडल था।

दोनों मंत्रियों ने एक महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है और इस वर्ष के अंत तक वार्ता को पूरा करने के अपने साझा लक्ष्य की पुष्टि की है। उन्होंने बाजार प्रवेश के विस्तार, आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती का समर्थन करने और द्विपक्षीय आर्थिक विकास को सक्षम बनाने में भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते ( सीईपीए) के महत्व पर बल दिया।

उल्लेखनीय है कि दोनों पक्ष इस समझौते के लिए बातचीत कर रहे हैं और समझौता साल के अंत तक होने की उम्मीद की जा रही है। दोनों वाणिज्य मंत्रियों ने कनाडा-भारत व्यापार और निवेश मंच का शुभारंभ किया, जो कनाडाई और भारतीय व्यापारिक नेताओं को एक साथ लाने और नई वाणिज्यिक साझेदारियों और व्यापारिक जुड़ाव को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच है।

मंत्रियों ने दोनों देशों की जनता के बीच संबंधों, व्यापारिक गतिशीलता और प्रत्यक्ष वाणिज्यिक संपर्कों पर भी जोर दिया, जो व्यापार और निवेश के विस्तार के लिए आवश्यक कारक हैं।

श्री सिद्धू ने पुष्टि की कि कनाडा इस वर्ष के अंत में भारत में टीम- कनाडा व्यापार मिशन भेजेगा। कनाडा और भारत ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में दीर्घकालिक, उच्च गुणवत्ता वाले निवेश को प्रोत्साहित करना जारी रखने और दोनों देशों के व्यवसायों, नवप्रवर्तकों और संस्थागत भागीदारों के बीच गहन सहयोग का समर्थन करने पर सहमति व्यक्त की। मंत्रियों ने आने वाले महीनों में नियमित संवाद बनाए रखने और ठोस परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्धता जताई।

श्री गोयल की कनाडा की तीन दिवसीय यात्रा कल संपन्न हुई। इस दौरान वह श्री सिद्धू के अलावा प्रधानमंत्री मार्क कर्नी और कुछ अन्य मंत्रियों से मिले तथा कनाडा के प्रमुख निवेश को और कंपनियों के प्रमुखों से अलग-अलग मुलाकातें भी कीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित