फतेहपुर शेखावाटी (झुंझुनूं) , सितम्बर 07 -- देश और विदेशों के विभिन्न हिस्सों से अपनी कुल देवी 'दादी मां' को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए गोयनका समुदाय का सोमवार सुबह झुंझुनूं जिले के फतेहपुर शेखावाटी में पांच दिवसीय भादों आमवस्य उत्सव शुरू हुआ।
इसके पहले दिन गोयनका समुदाय के सभी सदस्यों ने परिवार सहित अपनी कुल देवी के प्रति सम्मान, श्रद्धा और समर्पण का भाव अर्पित किया। गोयनका समुदाय यह उत्सव हर साल फतेहपुर शेखावाटी में पांच दिन तक मनाया जाता है और इस दौरान मारवाड़ क्षेत्र से सैकड़ों साल पहले व्यापार आदि के लिए क्षेत्र छोड़कर चले गये गोयनका समुदाय के लोग अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए हर साल यहां आते हैं।
इस दौरान ये लोग अपनी कुल देवी की पूजा-अर्चना करते हैं, अपने समुदाय की शांति और समृद्धि के लिए पूजा करते हैं और अपने युवा बच्चों की प्रगति की कामना करते हैं। इस अवसर पर पहले दिन वृन्दावन की साध्वी श्रद्धा गोपाल सरस्वती दीदी द्वारा तीन दिन तक चलने वाले प्रवचनों की शुरुआत की गयी।
समारोह के दौरान सामूहिक मंगल पाठ ,भजनों की हाउजी, योग साधना ,कन्या पूजन ,दादी की मेहंदी ,आरती, अभिषेक, थोक पूजन एवं प्रसाद का वितरण किया जायेगा। उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह साढ़े पांच बजे मंगल आरती, सुबह सात बजे श्रृंगार आरती और शाम सात बजे संध्या आरती का आयोजन होगा।
इस दौरान देश और विदेशों में बसे लगभग छह सौ परिवार हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें देश की चोटी के औद्योगिक घरानों के मुख्य प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज शामिल हैं। गोयनका समुदाय की देश के महानगरों और विदेशों में पैदा हुई नयी पीढ़ी द्वारा इस उत्सव में सहभागिता से इसका आकर्षण और भी बढ़ जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित