बैतूल , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के परमंडल गांव में मंगलवार सुबह गोबर के कंडों के बीच करीब छह फीट लंबा जहरीला कोबरा छिपा मिलने से हड़कंप मच गया। सांप के डसने से एक गाय की मौत हो गई थी। सूचना पर स्नैक रेस्क्यूअर श्रीकांत विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार परमंडल निवासी राजेश खबसे की गाय को मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कोबरा ने डस लिया। सर्पदंश के बाद गाय की हालत बिगड़ गई और सुबह करीब छह बजे उसकी मौत हो गई। गाय की मौत के बाद परिजनों को आसपास सांप के मौजूद होने का संदेह हुआ और उन्होंने स्नैक रेस्क्यूअर श्रीकांत विश्वकर्मा को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे रेस्क्यूअर ने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद कोबरा गोबर के कंडों के ढेर के बीच छिपा मिला। कंडों के बीच सांप होने के कारण रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण था। करीब एक घंटे तक सावधानीपूर्वक प्रयास करने के बाद श्रीकांत ने कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सांप को देखकर मौके पर मौजूद परिवार के लोग भयभीत हो गए।
श्रीकांत विश्वकर्मा ने बताया कि पकड़ा गया कोबरा करीब छह फीट लंबा और अत्यंत जहरीला था। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, बाड़े, लकड़ी या गोबर के कंडों के आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करें तथा तत्काल प्रशिक्षित स्नैक रेस्क्यूअर को सूचना दें।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में सांप सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में अक्सर घरों, कंडों, लकड़ी के ढेर और अन्य सामान के बीच छिप जाते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित