गोपालगंज, 31मार्च (वार्ता) बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में 23 मार्च को एक दुकानदार की हुयी हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने मंगलवार को यहां बताया कि हथुआ -कुसौंधी मुख्य मार्ग पर मुड़ा गांव के समीप स्थित ईंट भट्ठा के निकट 23 मार्च को दुकानदार कृष्णा सिंह की हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आनंद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसडीपीओ के नेतृत्व में घटना को लेकर हुई जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आयी कि हत्या एक सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत की गई थी। इस कांड में करीब 20 करोड़ रुपये में सुपारी तय की गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शमशाद अली, सुनील सिंह, मुकेश कुमार शर्मा (शूटर), जयप्रकाश राम एवं अजीत कुमार गुप्ता शामिल हैं। उनके पास से एक मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, एक कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किया गया है।तकनीकी जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की पहचान की गई है, जिस पर आगे कार्रवाई जारी है। इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित